पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के नाओपुकुरिया इलाके में मंगलवार शाम ब्लास्ट हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से एक कंटेनर में रखे बम बरामद किए हैं। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। यह इलाका रेजीनगर विधानसभा सीट के तहत आता है। जहां 6 अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं। इसके अलावा नंदीग्राम में भी उपचुनाव होंगे। BJP के बहरामपुर संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष मलय महाजन ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले विपक्षी दलों का एक वर्ग बम और हथियार जमा करता है। महाजन ने कहा, कुछ लोग मतपत्रों के बजाय गोलियों को पसंद करते हैं। शायद अपनी पुरानी परंपरा के तहत उन्होंने बम और हथियार जमा किए थे। बंगाल में रेजीनगर और नंदीग्राम दो सीटों पर उपचुनाव होने हैं। भाजपा ने दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारे, शुभेंदु के पीए की मां को टिकट भाजपा ने पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने नंदीग्राम से हसीरानी रथ और रेजीनगर से शाश्वर सरकार को टिकट दिया है। हसीरानी रथ CM शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की मां हैं। 6 मई की देर रात मध्यमग्राम के पास चंद्रनाथ को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। इस साल अप्रैल-मई में हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीती थीं। तृणमूल कांग्रेस को 80 और कांग्रेस को 2 सीटें मिली थीं। इन नतीजों के बाद ममता बनर्जी 15 साल बाद सत्ता से बाहर हो गईं। TMC के दो गुट भी आमने-सामने, असली टीएमसी की लड़ाई उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुट भी आमने-सामने हैं। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और रेजीनगर से सफीउज्जमान शेख को मैदान में उतारा है। वहीं ममता वाले गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे और रेजीनगर से पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। दोनों गुट खुद को असली TMC बताते हुए ‘जोड़ा घास फूल’ चुनाव चिह्न पर दावा कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों से अतिरिक्त दस्तावेज मांगे हैं और 16 सितंबर तक जवाब देने को कहा है। अगर उपचुनाव से पहले आयोग इस विवाद पर फैसला नहीं कर पाता है, तो मौजूदा चुनाव चिह्न फ्रीज किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में दोनों गुटों को अलग नाम और चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतरना पड़ सकता है। कांग्रेस, CPI(M) ने भी कैंडिडेट घोषित किए कांग्रेस ने नंदीग्राम से मिलन प्रधान और रेजीनगर से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी को उम्मीदवार बनाया है। CPI(M) ने रेजीनगर से अधिवक्ता सैयद असद अली को और CPI ने नंदीग्राम से शांति गोपाल गिरी को टिकट दिया है। नंदीग्राम से शुभेंदु ने ममता को हराया, लगातार दो बार से भाजपा जीत रही नंदीग्राम लंबे समय से TMC और भाजपा के बीच राजनीतिक संघर्ष का प्रमुख केंद्र रहा है। इस क्षेत्र में 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन ने ममता बनर्जी और TMC को 2011 में सत्ता तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। 2021 में ममता बनर्जी ने यहीं से बंगाल के मौजूदा सीएम शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। 2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत दर्ज की। बाद में अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नंदीग्राम सीट खाली हुई। बंगाल सहित 4 राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव तमिलनाडु में 2 सीट: मदुरांतकम और धारापुरम- ये दोनों विधानसभा सीटें मरागथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। दोनों सीटों की फाइनल वोटर लिस्ट 23 फरवरी को जारी की गई। पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी सीट: यह सीट एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। सीट की मतदाता सूची 14 फरवरी को पब्लिश हुई। पश्चिम बंगाल की रेजीनगर-नंदीग्राम सीट: रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर और नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई। इन सीटों की अंतिम वोटर लिस्ट 28 फरवरी को जारी की गई। असम की नगांव लोकसभा सीट: असम की नागांव लोकसभा प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इस सीट की अंतिम मतदाता सूची 10 फरवरी को जारी की गई थी। -------------------------------- यह खबर भी पढ़ें… ममता बनर्जी को बागियों का ऑफर- नंदीग्राम से उपचुनाव लड़ें:हम उम्मीदवार नहीं उतारेंगे; 2021 में इसी सीट पर CM शुभेंदु से चुनाव हारी थीं पश्चिम बंगाल में TMC के बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी गुट ने कहा है कि अगर ममता बनर्जी नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव लड़ती हैं तो वह अपना उम्मीदवार नहीं उतारेंगे। ऋतब्रत ने कहा कि वे ममता को विधानसभा में वापस देखना चाहते हैं और नंदीग्राम से उनका चुनाव लड़ना बेहतर होगा। पूरी खबर पढ़ें… खबर लगातार अपडेट कर रहे हैं।
Back to Top News
Top
September 15, 2026 at 4:47 PM
पश्चिम बंगाल- मुर्शिदाबाद में ब्लास्ट, कंटेनर से बम बरामद:यह रेजीनगर विधानसभा का इलाका, जहां 6 अक्टूबर को उपचुनाव; भाजपा बोली- विपक्ष को वोटिंग नहीं गोलियां पसंद
Dainik Bhaskar