तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में गुरुवार को निर्माणाधीन चर्च की छत गिरने से 3 मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में 11 मजदूर घायल हुए हैं। यह हादसा कटपाडी के पास मंडी कृष्णापुरम में हुआ। मजदूर चर्च की छत पर कंक्रीट डाल रहे थे, तभी छत का स्लैब गिर गया। घायलों को एंबुलेंस से वेल्लोर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और पड़ोसी आंध्र प्रदेश के चित्तूर के एक अस्पताल में भेजा गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह इमारत चर्च ऑफ साउथ इंडिया के लिए बनाई जा रही थी। कंक्रीट डालने के दौरान छत का स्लैब अचानक गिर गया। अधिकारी के मुताबिक, 20 फुट ऊंचा स्टील मचान और सपोर्ट फ्रेमवर्क अचानक ढह गया। इससे मजदूर भारी कंक्रीट और मलबे के नीचे दब गए। अधिकारी ने 3 मजदूरों की मौत की पुष्टि की। हादसे के बाद अरक्कोनम से नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीम भी मौके पर पहुंची। NDRF ने जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर निर्माण स्थल पर फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों की स्थिति वेल्लोर की जिला कलेक्टर पीएस लीला एलेक्स गुरुवार शाम मौके पर राहत और बचाव अभियान की निगरानी कर रही थीं। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि कम से कम 8 मजदूरों की हालत स्थिर है। जांच के लिए समिति बनेगी कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन ढांचे के गिरने की सही वजह पता लगाने के लिए समिति बनाएगा। यह समिति यह भी जांचेगी कि चर्च के निर्माण के लिए बिल्डर ने सभी जरूरी मंजूरियां और बिल्डिंग परमिट लिए थे या नहीं।