पीएम मोदी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मनाएंगे। इस दिन को भाजपा सेवा दिवस के रूप में मना रही है। कार्यक्रम को मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने से भी जोड़ा गया है। इसके तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। भाजपा ने नागरिकों से घरों में पीएम के नाम पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। इसके अलावा सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम होंगे। वडनगर और वाराणसी से सेवा संकल्प बाइक यात्रा शुरू होगी। वहीं अलग-अलग राज्यों में लाभार्थियों के कार्यक्रम, रक्तदान, स्वच्छता और दूसरे कार्यक्रम होंगे। आज 16 सितंबर को कई जगह तैयारियां अंतिम दौर में हैं। गुजरात से निकल चुकी चार उपयात्राएं आज रात तक पीएम के जन्मस्थान वडनगर पहुंचेंगी। मध्य प्रदेश के उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। वहीं मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया सहित 10 प्रमुख जगहों को लाइटों से रोशन किया जाएगा। गुजरात: वडनगर से शुरू होगी बाइक यात्रा प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से 17 सितंबर को सुबह 9:30 बजे ‘वडनगर से वाराणसी’ सेवा संकल्प बाइक यात्रा शुरू होगी। वाराणसी से भी यात्रा रवाना होगी। दोनों तरफ से करीब 1,000 युवा इसमें शामिल होंगे। यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। करीब 40 हजार किमी की दूरी तय करने वाली यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है। आज गुजरात के चार जोन से निकली उपयात्राएं वडनगर पहुंचेंगी। ये यात्राएं सोमनाथ, श्यामलाजी, पावागढ़ और नवसारी से शुरू हुई थीं। रास्ते में पौधारोपण, सफाई अभियान, विद्यार्थियों से संपर्क और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद जैसे कार्यक्रम हुए हैं। मध्य प्रदेश: उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीप उज्जैन में 17 सितंबर को क्षिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में 25 लाख से ज्यादा दीप जलाने की तैयारी है। जन्मदिन के मौके पर शहर में बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। पश्चिम बंगाल: कोलकाता में 50 हजार लाभार्थी जुटेंगे कोलकाता के बोईमेला ग्राउंड में 17 सितंबर को करीब 50 हजार अन्नपूर्णा योजना लाभार्थियों को जुटाने की तैयारी है। राज्य सरकार के अधिकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करने की संभावना है। कोलकाता के कई घाटों पर भी दीप जलाए जाएंगे। मुंबई: 10 प्रमुख जगहों पर रोशनी मुंबई में 17 सितंबर को 10 प्रमुख जगहों को रोशन करने की योजना है। इनमें गेटवे ऑफ इंडिया, आरे कॉलोनी, बांधगंगा, गिरगांव चौपाटी, बांद्रा बैंडस्टैंड और संजय गांधी नेशनल पार्क समेत अन्य जगहें शामिल हैं। मुंबई भाजपा ने इसे महीनेभर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा बनाया है। मिजोरम: रक्तदान से शुरू होगा अभियान मिजोरम में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। 17 सितंबर को रक्तदान अभियान से इसकी शुरुआत होगी। शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम रखा गया है। इसके अलावा छात्रों के लिए पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताएं तथा आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान कार्यक्रम भी होंगे।