तमिलनाडु के कोयंबटूर में स्ट्रीट डॉग्स ने सड़क किनारे बैठी एक महिला को यौन उत्पीड़न की कोशिश से बचा लिया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना अशोकापुरम इलाके में रेलवे ओवरब्रिज के पास गुरुवार देर रात हुई। इलाके में अक्सर रहने वाली मानसिक रूप से एक बीमार महिला सड़क किनारे बैठी थी, तभी नशे में धुत एक युवक उसके पास आया। युवक ने महिला से पूछा कि क्या ये कुत्ते उसके हैं। महिला ने कुछ जवाब दिया तो युवक ने कुते पर पत्थर फेंका। कुत्ते कुछ कदम पीछे हट गए, लेकिन वहीं रुके रहे। इसके बाद युवक ने महिला के साथ यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। महिला मदद के लिए चिल्लाने लगी, तो एक डॉग उस पर झपट पड़ा। आरोपी जान बचाकर भागा। इसके बाद भी डॉग ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और दूर तक खदेड़ दिया।